पंजाब में नशे के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने पर मारे गए शख़्स के परिवार से मिले अमित शाह, गुरप्रीत चावला, बीबीसी पंजाबी के लिए

इमेज स्रोत, BJP Punjab
गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को पंजाब के गुरदासपुर में बिक्रमजीत सिंह के परिवार से मुलाक़ात की.
उनके परिजनों का आरोप है कि नशे के कारोबार के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने के कारण बिक्रमजीत की हत्या की गई.
अमित शाह मंगलवार को गुरदासपुर ज़िले के मारी पन्नू गांव में उनके परिवार से मिलने पहुंचे. पंजाब में नशे के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने के बाद अपनों को खोने वाले परिवारों से मुलाक़ात के सिलसिले में उन्होंने यह दौरा किया.
यह मुलाक़ात करीब 15 मिनट तक चली.
इस दौरान गृह मंत्री ने परिवार के प्रति संवेदना जताई और उनसे एक ज्ञापन लिया. परिवार के सदस्यों के मुताबिक, अमित शाह ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उन्हें न्याय मिलेगा. उन्होंने मामले की सीबीआई जांच कराने की बात भी कही.
उन्होंने परिवार से यह भी कहा कि केंद्र सरकार प्रभावित लोगों के साथ खड़ी रहेगी और नशे की समस्या के ख़िलाफ़ प्रयास जारी रखेगी.
इस दौरान पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों समेत पार्टी के कई नेता मौजूद थे.
बिक्रमजीत सिंह के परिवार से मुलाक़ात के बाद अमित शाह मानसा के लिए रवाना हुए.
वहां उन्हें एक दूसरे नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा के परिवार से मिलना है. परविंदर सिंह की पिछले हफ्ते हत्या कर दी गई थी.





















